बेखौफ चोरों का बड़ा कारनामा! मुजफ्फरनगर के बंद फ्लैट से लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए चार संदिग्ध

बेखौफ चोरों का बड़ा कारनामा! मुजफ्फरनगर के बंद फ्लैट से लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए चार संदिग्ध

मुजफ्फरनगर। जनपद में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला रामपुर बाईपास स्थित नारायणपुरम कॉलोनी का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और नकदी चोरी कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने, चोरी गए सामान की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले में एक महत्वपूर्ण सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चार संदिग्ध युवक फ्लैट की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, रामपुरी शाहबुद्दीनपुर रोड निवासी अंकित प्रजापति ऑनलाइन अकाउंटिंग और वर्क-फ्रॉम-होम का कार्य करते हैं। उन्होंने अपने काम के लिए रामपुर बाईपास स्थित नारायणपुरम कॉलोनी में एक फ्लैट किराये पर ले रखा है। पीड़ित के अनुसार, वह किसी काम से बाहर गए हुए थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि फ्लैट का मुख्य ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है।

अंकित प्रजापति का आरोप है कि चोर फ्लैट से एप्पल कंपनी का मैकबुक लैपटॉप, सोनी का प्रोफेशनल कैमरा, 50 एमएम कैमरा लेंस तथा करीब 50 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। उनके अनुसार, चोरी हुए डिजिटल उपकरण उनके पेशे के लिए बेहद महत्वपूर्ण थे और इनके चोरी होने से उनका काम पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

मामले में पड़ोसी सुदेश ठाकुर के घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस के लिए अहम सुराग बनकर सामने आई है। पीड़ित का कहना है कि फुटेज में वारदात के समय चार संदिग्ध युवक फ्लैट की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनका आरोप है कि आरोपियों ने पहले रेकी की और फिर ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। यह सीसीटीवी फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दी गई है, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। वहीं कॉलोनी के लोगों ने भी आवासीय क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है तथा जल्द ही मामले के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *