बाराबंकी में जहरीले नाग के डसने से पिता-पुत्र की मौत, पूजा पंडाल में करतब दिखाते समय हुआ हादसा

बाराबंकी में जहरीले नाग के डसने से पिता-पुत्र की मौत, पूजा पंडाल में करतब दिखाते समय हुआ हादसा

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र के मुनक्कीपुरवा गांव में जहरीले नाग के डसने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। साेमवार देर रात पूजा पंडाल में सांप का करतब दिखाने के दौरान 26 वर्षीय नौमीलाल को नाग ने डस लिया। बेटे को बचाने पहुंचे उसके पिता महेश भी सांप के डसने का शिकार हो गए। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम पसरा है।

महेश और उनका बेटा नौमीलाल सांप पकड़ने के शौकीन थे। साेमवार रात नौमीलाल एक पूजा पंडाल में काले नाग को लेकर पहुंचा था। वहां मौजूद लोगों को सांप का करतब दिखाते समय वह उसके जहरीले दांत तोड़ने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान सांप उसकी पकड़ से छूट गया और उसने नौमीलाल के पैर में डस लिया। बेटे को सांप के काटने की जानकारी मिलते ही महेश उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन इस दौरान नाग ने उन्हें भी डस लिया। घटना के बाद दोनों की हालत बिगड़ने लगी। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में नौमीलाल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में चिकित्सकों ने नौमीलाल को एंटी स्नेक वेनम की 20 वायल दीं, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। बताया जाता है कि उसकी आंखों की रोशनी चली गई और बोलना भी बंद हो गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। उधर, सांप के डसने से घायल महेश की भी उपचार के दौरान मौत हो गई।

एक साथ दो मौतों से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पिता-पुत्र की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोग भी घटना से स्तब्ध हैं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की जान जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना ने जहरीले सांपों के साथ जोखिम भरे करतब दिखाने के खतरों को एक बार फिर उजागर कर दिया है। सतरिख कोतवाल डीके सिंह ने बताया दोनों पिता पुत्र के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया गया है। उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *