बहराइच में दो पुलिस मुठभेड़ों में लखीमपुर खीरी के दो हिस्ट्रीशीटर घायल, चोरी के जेवर और तमंचे बरामद

बहराइच में दो पुलिस मुठभेड़ों में लखीमपुर खीरी के दो हिस्ट्रीशीटर घायल, चोरी के जेवर और तमंचे बरामद

बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की पुलिस ने मंगलवार की सुबह अलग-अलग स्थानों पर हुई पुलिस मुठभेड़ों में लखीमपुर खीरी के दो हिस्ट्रीशीटर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से तमंचे, कारतूस, नकदी, चोरी के जेवरात और एक सेंट्रो कार बरामद की गई है। दोनों बदमाशों के खिलाफ विभिन्न जनपदों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में गठित क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और खैरीघाट पुलिस ने सोमवार को नानपारा-खैरीघाट मार्ग पर वैवाही रोड के पास मुठभेड़ के दौरान चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया था। इस दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुआ, जबकि दूसरी गाड़ी में सवार दो आरोपित फरार हो गए थे। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी थीं।

फरार आरोपिताें की तलाश के दौरान बौंडी थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि खैरा बाजार से हाथीचक होते हुए भिरवा जाने वाले मार्ग पर पक्की बिलासपुर मोड़ के पास बदमाश सेंट्रो कार में मौजूद हैं। वे चोरी करने और चोरी का माल बेचने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर कार से फरार हो गया।

घायल बदमाश की पहचान लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र के तुर्क बलिया निवासी जाबिर उर्फ जाकिर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से 6500 रुपये नकद, चांदी की पायल, 17 बिछिया, टॉप्स, अंगूठियां और झाला समेत कई जेवरात बरामद किए। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और मोबाइल भी मिला। जाबिर को उपचार के लिए सीएचसी फखरपुर भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, वह लखीमपुर खीरी का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ चार दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

नानपारा में घेराबंदी कर दूसरे हिस्ट्रीशीटर को दबोचा

बौंडी में फरार हुए बदमाश की तलाश में पुलिस ने सभी थानों को सेंट्रो कार की चेकिंग के निर्देश दिए। इसी दौरान नानपारा पुलिस ने बंजरिया नहर पुल के पास संदिग्ध कार को देखा और रोकने का प्रयास किया। पुलिस से घिरता देख कार सवार बदमाश ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

दूसरे बदमाश की पहचान लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र निवासी नसीम उर्फ ठेकेदार के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस, सेंट्रो कार, नकदी तथा पीली और सफेद धातु के जेवर बरामद किए। एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि नसीम के खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह ईसानगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में नसीम ने बहराइच समेत अन्य जनपदों में चोरी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। पुलिस बरामद जेवरात और नकदी के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बौंडी में फरार हुए साथी की तलाश भी जारी है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने दोनों मुठभेड़ स्थलों का निरीक्षण कर पुलिस टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपिताें से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं का खुलासा करने और गिरोह के शेष सदस्यों की तलाश में कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *