बागेश्वर में नदी में नहाते वक्त लापता चौथे बच्चे का शव भी हुआ बरामद

नैनीताल। उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद में नदी में नहाते वक्त लापता हुए चौथे बच्चे का शव भी मंगलवार सुबह बरामद कर लिया गया। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन आगे की कार्यवाही में जुट गया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि आज तड़के पर्थी गधेरे में राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ), पुलिस तथा राजस्व कर्मियों की ओर से चौथे बच्चे की तलाश के लिये खोज अभियान चलाया गया। कुछ देर बाद चौथा शव भी बरामद कर लिया गया। इस प्रकार चार बच्चों की मौत हो गयी है।
जिलाधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम की टीम को गांव के लिये रवाना कर दिया गया है। सभी शवों का पंचायतनामा भरने के बाद गांव में ही पोस्टमार्टम किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बागेश्वर जनपद के कपकोट तहसील के गोगिना गांव निवासी अभिषेक सिंह (17), सुरेश सिंह (13), अजय सिंह (16) तथा विक्रम सिंह (14) सोमवार को गांव के पास बह रहे पर्थी गधेरे में नहाने के लिये गये थे। चारों नहाते वक्त डूब गये। जब चारों शाम तक घर नहीं लौटे तो घरवालों ने उनकी सुध ली। गांव वाले मौके पर पहुंचे,तो हक्का- बक्का रह गये। चारों के कपड़े नदी के किनारे थे, लेकिन चारों को कोई अता पता नहीं चला।
इसके बाद ग्रामीण मौके पर जुटे और खोज अभियान चला गया। शाम तक ग्रामीणों ने अभिषेक, सुरेश तथा अजय को बाहर निकाला। तीनों की मौत हो चुकी थी। इनका साथी विक्रम लापता था। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम तथा उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा भी मौके पर पहुंच गये। देर शाम तक मौके पर खोज अभियान चलाया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
बताया जा रहा है कि मृतक अभिषेक, सुरेश व अजय हल्द्वानी में पढ़ते थे और गर्मियों के अवकाश के चलते कुछ दिन पहले ही अपने गांव गोगिना आये थे। अभिषेक तथाअजय चचेरे भाई हैं। दोनों इकलौते थे। इस घटना के बाद गांव व आसपास के क्षेत्र में मातम पसरा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *