बिहारीगढ़। शाकुम्भरी-सुन्दरपुर मार्ग स्थित खुशहालीपुर के समीप अज्ञात ट्रक की चपेट में आकर मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है, मौके पर पहुंची बिहारीगढ़ पुलिस ने तुरंत घायल हुए युवक को ईलाज के लिए सीएचसी फतेहपुर भिजवाया है। पुलिस ने बताया कि खुशहालीपुर के समीप किसी अज्ञात ट्रक ने बाईक सवार को टक्कर मार दी, टक्कर लग जाने से मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही बिहारीगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, पूछताछ करने पर पता चला कि घायल का नाम ललित राणा पुत्र धर्मपाल राणा निवासी सुंदरपुर है, गम्भीर रूप से घायल युवक को एमरजेंसी डायल 112 नंबर गाड़ी की मदद से सीएचसी फतेहपुर उपचार हेतु भिजवाया गया है। एसआई अरविंद शर्मा ने जानकारी करने पर बताया कि आरोपी ट्रक के बारे में कुछ भी जानकारी नहीं मिली फिर भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।


