बांदा। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में शहर के कालूकुआं स्थित सिटी गार्डन में गुरुवार देर रात करंट लगने से गार्ड और उसके बेटे की मौत हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान सिटी गार्डन में गार्ड के पद पर कार्यरत बाबूलाल (55) और उनके पुत्र धीरू(30 )के रूप में हुई है। बाबूलाल सिटी गार्डन परिसर में बने एक कमरे में रहते थे। गुरुवार को उनका बेटा धीरू उनसे मिलने आया था। देर रात दोनों किसी कारणवश बिजली के करंट की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई।

परिजन धर्मपाल ने बताया कि रात करीब 10.45 बजे पड़ोसियों का फोन आया। उन्होंने बताया कि उनके घर में कमरे के भीतर से कुछ आवाजें आ रही थीं, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। अनहोनी की आशंका पर आसपास के लोगों ने सिटी गार्डन का ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। अंदर बाबूलाल और धीरू अचेत अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों किन परिस्थितियों में करंट की चपेट में आए। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हर पहलू की जांच कर रही है।
इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने शुक्रवार को बताया कि देर रात सूचना मिली थी कि सिटी गार्डन में दो व्यक्तियों को करंट लग गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

