बहराइच में चारपाई पर सो रहे ग्रामीण को मच्छरदानी समेत घसीट ले गया तेंदुआ, शोर मचाने पर भागा

बहराइच में चारपाई पर सो रहे ग्रामीण को मच्छरदानी समेत घसीट ले गया तेंदुआ, शोर मचाने पर भागा

बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के सुजौली ग्राम पंचायत में शुक्रवार रात तेंदुए ने आबादी में घुसकर चारपाई पर सो रहे एक ग्रामीण को मच्छरदानी समेत पकड़कर करीब 10 मीटर तक घसीट ले गया। ग्रामीण के शोर मचाने पर परिजन और आसपास के लाेग जाग गए। भीड़ जुटती देख तेंदुआ मौके से भाग निकला। हमले में बलिराम घायल हो गए।

घटना कस्तूरबा गांधी विद्यालय के सामने स्थित एक घर में रात करीब 10 बजे के आसपास खाना खाने के बाद बलिराम राेजाना की तरह चारपाई पर साे रहा था। अचानक एक तेंदुए ने मच्छरदानी समेत ग्रामीण काे घसीटकर एकांत जगह पर ले जाने लगा। इस पर बलिराम ने शाेर मचाया और परिजन जग गये। चीख-पुकार सुनकर आसपड़ाेस के ग्रामीण भी पहुंच गये ताे तेंदुआ वहां से जंगल की ओर भाग गया।

घायल बलिराम को ग्राम प्रधान सुजौली राजेश गुप्ता समेत ग्रामीण तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली ले गए। चिकित्सक डॉ. रामपाल सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत को देखते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही सुजौली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव अस्पताल पहुंचे और घायल का हाल जाना। इसके बाद वह ग्राम प्रधान व ग्रामीणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने गोला-पटाखे दागकर तेंदुए को आबादी से दूर रखने का प्रयास किया और आसपास के क्षेत्र में गश्त की।

रेंजर नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जल्द ही पिंजरा लगाकर उसे पकड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, तेंदुए के आबादी में घुसकर घर के अंदर सो रहे ग्रामीण पर हमला करने से लोगों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ अब जंगल तक सीमित नहीं रह गया है और आबादी में पहुंचकर लोगों की जान के लिए खतरा बन रहा है। उन्होंने वन विभाग से तत्काल पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है।

वन विभाग की ओर से घायल बलिराम के परिजनों को तत्काल पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई। विभाग ने ग्रामीणों से रात में विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *