फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया । इटावा-बरेली हाईवे पर पांचाल घाट पुल के पास सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उनका 18 वर्षीय बेटा और 22 वर्षीय भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, राजेपुर थाना क्षेत्र के नगला कमालुद्दीनपुर गांव की रहने वाली रेखा (45 वर्ष) के कान में दर्द की शिकायत थी। वह अपने बेटे रोहित (18 वर्ष) के साथ इलाज के लिए कानपुर जाने वाली थीं। रेखा के देवर का बेटा आशीष (22 वर्ष) उन दोनों को बाइक से रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहा था।

जब तीनों लोग पांचाल घाट पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में चाची (रेखा) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों, रोहित और आशीष को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद रोहित की स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, भतीजे आशीष का इलाज फिलहाल लोहिया अस्पताल में ही जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि घटना को अंजाम देकर भागे ट्रक का पता लगाया जा रहा है।

