फर्रुखाबाद में दर्दनाक हादसा: खड़ी कार को डंपर ने मारी जोरदार टक्कर, गंगा भारती उर्फ रामू बाबा की मौत, एक अन्य गंभीर घायल

फर्रुखाबाद में दर्दनाक हादसा: खड़ी कार को डंपर ने मारी जोरदार टक्कर, गंगा भारती उर्फ रामू बाबा की मौत, एक अन्य गंभीर घायल

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में दयानंद इंटर कॉलेज के निकट बुधवार सुबह खड़ी मारुति कार को पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में कार में सवार गंगा भारती उर्फ रामू बाबा समेत दोनाें लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने गंगा भारती उर्फ रामू बाबा को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।

मैनपुरी जनपद के चौहान चौराहा क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय गंगा भारती उर्फ रामू भारती पुत्र बासुदेव अपने एक साथी के साथ मारुति कार से जरियानपुर की ओर जा रहे थे। अमृतपुर थाना क्षेत्र में दयानंद इंटर कॉलेज के निकट किसी कार्यवश उन्होंने अपनी कार सड़क किनारे खड़ी कर दी और बातचीत करने लगे। इसी दौरान फर्रुखाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया।

एसआई खूबेलाल ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद गंगा भारती उर्फ रामू बाबा पुत्र बासुदेव निवासी भगवान मोहल्ला, मैनपुरी को मृत घोषित कर दिया। गंगा भारती शमशाबाद में अपने शिष्यों से मिलने जा रहे थे। जबकि दूसरे घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी शुरू कर दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दरोगा खूबेलाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *