प्रयागराज। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत प्रयागराज में दो दिवसीय वृहद रोजगार महोत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और शंभूनाथ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, झलवा के संयुक्त तत्वावधान में 17 और 18 नवंबर को संस्थान परिसर में रोजगार मेला लगेगा। इसमें निजी क्षेत्र की 100 प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियों की ओर से 40 हजार से अधिक पदों पर युवाओं का सीधे चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 40 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।

सहायक निदेशक सेवायोजन राजीव कुमार यादव ने बताया कि रोजगार महोत्सव दोनों दिन सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें अलग-अलग शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों को शामिल होने का अवसर दिया गया है। 17 नवंबर को जूनियर हाईस्कूल, हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए, बीसीए, बीई और परास्नातक उत्तीर्ण बेरोजगार अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे।

इसी तरह 18 नवंबर को आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बीटेक और एमबीए उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे। दोनों दिन आयोजित होने वाले मेले में 18 से 45 वर्ष तक की आयु के बेरोजगार अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। साथ ही अपने सभी शैक्षिक प्रमाण पत्रों, अंकपत्रों और जाति प्रमाण पत्र की छायाप्रति लेकर पहुंचना होगा। विभिन्न कंपनियों में उपलब्ध रिक्तियों और उनसे संबंधित विस्तृत जानकारी रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर प्राप्त की जा सकती है। मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।
प्रयागराज सेवायोजन सहायक निदेशक राजीव कुमार यादव ने बताया कि “युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए दो दिवसीय वृहद रोजगार महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। इसमें 100 प्रतिष्ठित कंपनियां 40 हजार से अधिक पदों पर सीधे भर्ती करेंगी। हमारी कोशिश है कि अधिक से अधिक बेरोजगार युवा इस अवसर का लाभ उठाएं। अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार निर्धारित तिथि पर पहुंचकर चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करें।”

