प्रदर्शन, जुलूस और पीएम रूट में फंसा ट्रैफिक, आज इन मार्गों पर आने से बचें

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में कांग्रेसियों के प्रदर्शन की आशंका, प्रधानमंत्री का रूट, संसद चलने और भाजपा के विजय जुलूस के बीच गुरुवार नई दिल्ली इलाके का ट्रैफिक फंसा रहा। अशोक रोड, रफी मार्ग, बहादुर शाह जफर रोड समेत कनॉट प्लेस में वाहन रेंगते दिखे। इस दौरान दूसर कई रास्तों पर जाम भी लगा रहा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस को कांग्रेसियों के प्रदर्शन के चलते कई मार्गों को बंद करना पड़ा और बस आदि वाहनों के मार्ग परिवर्तित किए गए। इससे अन्य मार्गों पर ट्रैफिक का दवाब बढ़ा। हालांकि, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस जाम व मार्ग परिवर्तन के बारे में सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जानकारी देती रही। राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों के बाद पंत मार्ग से निकले भाजपा के विजय जुलूस से अशोक रोड, रफी मार्ग, संसद मार्ग समेत दूसरी सड़कें जाम रहीं। इस समय कार्यालयों की छुट्टी का समय हो गया था। इससे जाम लंबा होता चला गया।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से गुरुवार को पूछताछ की। सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही नई दिल्ली जिले में जगह-जगह प्रदर्शन करना शुरू कर दिया था। कांग्रेसी कार्यकर्ता जगह-जगह विभिन्न जगहों पर प्रदर्शन करते रहे। पूछताछ के विरोध में राममनोहर लोहिया अस्पताल गोलचक्कर, गोलडाकखाना गोलचक्कर, पंडित पंत मार्ग, जनपथ और अकबर रोड आदि जगहों पर प्रदर्शन किया। इन जगहों पर काफी कांग्रेसी कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए थे। इससे ट्रैफिक रूक गया और अशोक रोड, गोलडाकखाना, राममनोहर लोहिया अस्पताल गोलचक्कर, जनपथ, अकबर रोड व इंडिया गेट आदि जगहों पर जाम लग गया था। कांग्रेसियों के प्रदर्शन के चलते कई मार्गों पर ट्रैफिक भारी हो गया था। वाहन रेंगने को मजबूर हो गए थे।

गुरुवार सुबह के समय प्रधानमंत्री का रूट लगा था। इस कारण भी नई दिल्ली में कई मार्गों पर जाम गया था। इन मार्गों पर ट्रैफिक रूट खत्म होने के बाद ही सामान्य हो गया था। इसके अलावा संसद चल रही है। गुरुवार को संसद में सभी बड़े नेता गए थे। इस कारण भी कई मार्गों पर ट्रैफिक रोकना व परिवर्तित करना पड़ा था। इससे कई मार्गों पर वाहनों का दवाब बढ़ गया था। इस कारण अशोक रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, राजेंद्र प्रसाद रोड, सुनहरी मस्जिद, अकबर रोड व तुगलक रोड पर जाम गया था। सांसदों के संसद भवन आने से भी कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित रहा था।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के नई दिल्ली जिला डीसीपी आलाप पटेल ने बताया कि नई दिल्ली में गुरुवार को कई बड़े अरेंजमेंट थे। कांग्रेसियों का प्रदर्शन था। संसद भवन चलने के कारण वीआईपी मूवमेंट काफी ज्यादा था। इससे कई मार्गों पर ट्रैफिक का दवाब ज्यादा हो गया था। उनका कहना है कि सभी जगह ट्रैफिक चलता रहा, कहीं पर भी या किसी मार्ग पर ट्रैफिक रूका नहीं था।

कांग्रेसियों के प्रदर्शन की संभावना के चलते अकबर रोड पर मोतीलाल नेहरू मार्ग से मानसिंह रोड तक, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर क्लेरिज से क्यू पाइंट तक, जनपथ पर क्लेरिज से लेकर मौलाना आजाद रोड और मोती लाल नेहरू मार्ग पर क्यू पाइंट से मोतीलाल नेहरू मार्ग तक बंद किया गया था। इन जगहों पर मार्ग सुबह से लेकर दोपहर तक बंद रहे।

कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन व प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए बसों का मार्ग परिवर्तित किया गया था। राममनोहर लोहिया अस्पताल गोल चक्कर से शंकर रोड की तरफ व फिर रिज रोड, गोल डाकखाना से कनॉट प्लेस, बिंडसर प्लेस से कनॉट प्लेस व जनपथ, शाहजहां रोड से सी-हैक्सागॉन- जाकिर हुसैन मार्ग-तिलक मार्ग, पृथ्वीराज रोड से अरविंदो मार्ग की तरफ से एसबी मार्ग, एसबी मार्ग सी-हैक्सागॉन-तिलक मार्ग की तरफ परिवर्तित किया गया था। बसों व भारी वाहनों के मार्ग परिवर्तित होने से अशोक रोड, पंडित पंत मार्ग व अन्य मार्गों पर तो ट्रैफिक हल्का हो गया था, मगर शंकर रोड, जनपथ, आरएमएल गोलचक्कर, कनॉट प्लेस, पंचकुईया रोड, बाबा खड़क सिंह आदि मार्गों पर जाम लग गया था। इन जगहों पर दोपहर तक वाहन रेंगते हुए नजर आए।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया व एफएम के जरिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को कई मार्गों से बचने की सलाह दी थी। पुलिस ने पंडित पंत मार्ग, गोल डाकखाना, अशोक रोड, पटेल चौक, रफी मार्ग, मेठी गोलचक्कर, तुगलक रोड गोलचक्कर, क्लेरिज गोलचक्कर, क्यू पाइंट गोलचक्कर, सुनहरी मस्जिद गोलचक्कर, मौलाना आजाद रोड गोलचक्कर, मानसिंह रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ व मान सिंह रोड से सुबह नौ बजे से दोपहर तक बचने की सलाह दी थी। ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार लोगों ने पुलिस की अपील पर ध्यान दिया और लोगों ने इन मार्गों पर आने से परहेज किया।

सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में कांग्रेसियों के नई दिल्ली में प्रदर्शन के लिए आने की संभावना को देखते हुए नई दिल्ली जिले में प्रवेश करने वाले सभी मार्गों पर बृहस्पतिवार सुबह से ही कई लेयर की बेरीकेडिंग्स की गई थी। वाहनों को चेकिंग के बाद ही नई दिल्ली में प्रवेश करने दिया जा रहा था। इस कारण नई दिल्ली दिल्ली के बॉर्डरों पर ही सुबह से ही जाम लगा रहा। सरदार पटेल मार्ग, लाला लाजतपत राय मार्ग, शांति पथ, जाकिर हुसैन मार्ग, रिंग रोड-भैरो मार्ग, विकास मार्ग, पंचकुईया रोड, रिज रोड, शंकर रोड, अरिवंदो मार्ग और भीष्म पितामह मार्ग पर सुबह से ही जाम लग गया था। बॉडर वाले मार्गों पर दोपहर तक जाम की स्थिति बनी रही।

भाजपा के जुलूस से बृहस्पतिवार शाम को कई मार्गों पर फिर जाम लग गया । भाजपा के जुलूस को देखते हुए पंडित पंत मार्ग, रफी मार्ग व अशोक रोड बंद कर दिया गया था। इस कारण पंडित पंत मार्ग, गोल डाकखाना, अशोक रोड, संसद मार्ग, रफी मार्ग, रेल भवन व रफी मार्ग बड़े पैमाने पर जाम लग गया। इन मार्गों के बंद करने के कारण बाबा खड़क सिंह मार्ग, कनॉट प्लेस,राजेंद्र प्रसाद रोड, जनपथ, जाकिर हुसैन मार्ग व सुनहरी मस्जिद, मोतीलाल नेहरू मार्ग तुगलक रोड़ पर शाम के समय लग गया। इन जगहों पर देर रात तक जाम की स्थिति रही।

गुरुपर्व के चलते शुक्रवार को भारी संख्या में श्रृद्धालु गुरुद्वारा बांग्लासाहिब व रकाबगंज आदि गुरुद्वारे में पहुचेंगे। ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वाहन चालक बाबा खड़क सिंह मार्ग, गोलडाकखाना गोलचक्कर, अशोक रोड, जयसिंह रोड, बांग्ला साहिब रोड, भाई वीर सिंह मार्ग, आरएमएल गोलचक्कर और गुरुद्वारा रकाकगंज गोलचक्कर सुबह से सात से दोपहर 12 बजे तक आने से बचें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *