पत्नी को मौत के मुंह से खींच लाया पति पर खुद नहीं बच सका, पढ़िए दर्दनाक हादसा

बरेली। अग्नि के सात फेरे लेते वक्त पत्नी की रक्षा का जो संकल्प पति लेता है, उसे हरिओम ने बखूबी पूरा कर दिखाया। करंट की चपेट में आई पत्नी को मौत के मुंह से खींचकर ले आया लेकिन खुद को बचा नहीं सका। करंट लगने से गंभीर अवस्था में पहुंचे हरिओम ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। हादसे के बाद से पत्नी सदमे में है।

घटना सीबीगंज के गांव चंद्रपुर काजियान की है। यहां रहने वाले हरिओम सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। करीब तीन साल पहले उनकी शादी पूजा से हुई थी। दो साल का बेटा रोहित और एक साल की चांदनी है। मां लौंगश्री भी साथ पूरा परिवार खुश था।

शनिवार दोपहर परिवार के लिए घना अंधेरा लेकर आई। उनकी पत्नी पूजा छत पर सूख रहे कपड़े उतारने के लिए गई थी। उसी बीच पोल से घर को आ रही बिजली की केबल कपड़े सुखाने वाले तार से छू गई। इससे कपड़े सुखाने वाले तार में करंट दौड़ गया। करंट लगने पर पूजा चिल्लाने लगी।

उसकी आवाज सुनकर नीचे से हरिओम दौड़ता हुआ छत पर पहुंचा। हरिओम ने पत्नी को धक्का देकर तार से दूर कर दिया, लेकिन खुद करंट की चपेट में आ गया। दोनों करंट लगने से वही गिर गए। शोर-शराबा होने पर अन्य लोग भी वहां पहुंचे। किसी तरह डंडे से तार को हटाया गया।

लोगों ने हरिओम को तुरंत पास के एक प्राइवेट अस्पताल में पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ ही देर में परिवार का सहारा चला गया। गांव में घटना से माहौल गमगीन है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *