नोएडा। लिविंग पार्टनर के साथ हुए झगड़े के बाद युवती ने शनिवार को अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना सेक्टर 63 के थाना प्रभारी अमित काकरान ने बताया कि बदायूं जिले की रहने वाली कविता वर्तमान समय में चोटपुर कॉलोनी में ज्ञान दीप स्कूल के पास अपने एक दोस्त के साथ कुछ वर्षों से सहमति संबंध में रह रही थी। करीब एक हफ्ते पूर्व कविता का उसके प्रेमी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और वह उसे छोड़कर दिल्ली रहने चला गया। इस बात से वह मानसिक तनाव में आ गई और उसने अपने घर पर पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर लिया। उन्होंने बताया कि मृतका ने एक सुसाइड नोट लिखा है, जिसमें उसने अपने प्रेमी के लिए कहा है कि वह उससे बेहद प्रेम करती है।

उसके चले जाने से वह अकेलापन महसूस कर रही है। उन्होंने बताया कि जब मृतका के परिजनों से संपर्क किया गया तो उन्होंने नोएडा आने से इन्कार कर दिया। उनके अनुसार उनकी बेटी उनके लिए पहले ही मर चुकी थी। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई हैं।

