नोएडा में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, पांच जालसाज गिरफ्तार

नोएडा में नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, पांच जालसाज गिरफ्तार

नोएडा। साइबर क्राइम पुलिस ने नौकरी और प्रशिक्षण दिलाने के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने सेक्टर-63 से पांच साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपित अन्य कंपनियों का डेटा चोरी कर कॉल के जरिए लोगों को नौकरी और ट्रेनिंग का झांसा देते थे। गिरोह के खिलाफ उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र में पांच शिकायतें दर्ज हैं। आरोपियों की पहचान एटा निवासी आदित्य चौहान, दिल्ली निवासी सुमित कुमार, कानपुर निवासी सूरज गुप्ता, फिरोजाबाद निवासी रिषभ और सुल्तानपुर निवासी गौरव पाठक के रूप में हुई है।

डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बुधवार काे बताया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-63 में कार्रवाई करते हुए गिरोह के पांच जालसाजों को पकड़ा है। पूछताछ में सामने आया कि ये जालसाज नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं का डेटा जुटाते थे। इसके बाद उन्हें फोन कर नामी कंपनियों में नौकरी और प्रशिक्षण दिलाने का झांसा देते थे। इसके लिए अलग-अलग मोबाइल नंबरों और सिम कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था। कई लोगों से रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर रकम भी ली थी। पुलिस ने इनके पास से नौ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 17 सिम कार्ड, चार डेबिट कार्ड, दो कंपनी की मोहर, चेक बुक, पास बुक और कॉलिंग डाटा बरामद किया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इनके बैंक खातों की जांच कर रही है।

पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने कम उम्र में ही साइबर ठगी का धंधा शुरू किया था। गिरफ्तार पांचों आरोपित 19 से 23 वर्ष की आयु के हैं। इनमें तीन युवक स्नातक स्तर की पढ़ाई कर रहे हैं या पूरी कर चुके हैं। आदित्या चौहान और सूरज गुप्ता बीसीए पास हैं। रिषभ बीएससी, गौरव पाठक बीए पास हैं और सुमित कुमार 12वीं तक पढ़ा हुआ है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *