छात्रों की सुरक्षा पर सख्ती: नोएडा में 9 कोचिंग सेंटर सील, 12 को नोटिस

छात्रों की सुरक्षा पर सख्ती: नोएडा में 9 कोचिंग सेंटर सील, 12 को नोटिस

नोएडा। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड मे 15 छात्रों की गई जान के बाद जांच में जुटी गौतम बुद्ध नगर पुलिस, जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और अग्निशमन विभाग की ने बुधवार को सात और कोचिंग सेंटर को सील कर दिया। दो कोचिंग संस्थानों में आग से बचाव के इंतजाम मानकों के अनुरूप नहीं मिले। उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इससे पहले मंगलवार को दो कोचिंग सेंटर पर कार्रवाई हुई थी। प्रशासन की टीम ने 46 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण दस्तावेज, फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता का परीक्षण किया। निरीक्षण में सात संस्थान ऐसे मिले, जिनके पास वैध पंजीकरण नहीं थे। ऐसे संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके अलावा दो संस्थानों में फायर फाइटिंग उपकरण या सुरक्षा इंतजाम मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिसके चलते उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जिन संस्थानों में अन्य प्रकार की कमियां मिली हैं, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि जांच के लिए के गठित संयुक्त टीम में सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस विभाग, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और मुख्य अग्निशमन अधिकारी शामिल हैं। टीम का उद्देश्य जिले में संचालित कोचिंग संस्थानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, भवन सुरक्षा मानकों और पंजीकरण संबंधी अभिलेखों की जांच करना है, ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने बताया कि संयुक्त टीम ने सभी कोचिंग संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे शासन द्वारा निर्धारित अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा, पंजीकरण और अन्य आवश्यक अनुमतियों का पूरी तरह पालन करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी संस्थान में अनियमितता मिलने पर बिना पूर्व सूचना के सीलिंग, संचालन पर रोक और अन्य कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित संचालक की होगी। टीम ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि जिले में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप लाया जा सके।

उनके अनुसार अब तक जिले में कुल 66 कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इनमें से नौ कोचिंग संस्थानों को सील किया गया है, जबकि 12 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हाल के दिनों में देश के विभिन्न हिस्सों में कोचिंग संस्थानों में हुई दुर्घटनाओं और अग्निकांड की घटनाओं के बाद प्रशासन ने सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में गौतमबुद्ध नगर में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले हजारों छात्र सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *