उरई। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार को तेज रफ्तार गिट्टी लदा डंपर ने एक खड़े ट्रक में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर के परखच्चे उड़ गए और हादसे में डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह हादसा जालौन कोतवाली क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 208.2 पर हुआ। एक तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि डंपर आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में डंपर चालक अरुण उर्फ छोटू (20), निवासी झांसी, की मौके पर ही मौत हो गई। डंपर में सवार क्लीनर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आस-पास से गुजर रहे लोगों और अन्य वाहन चालकों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल क्लीनर को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, मृतक अरुण के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर जाम की स्थिति हो गई थी, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में डंपर की तेज रफ्तार और ड्राइवर की लापरवाही हादसे का मुख्य कारण बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने बताया है कि शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। विधिक कार्रवाई जारी है।

