देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में सदर कोतवाली क्षेत्र के विक्रमपुर बांसपार गांव में शादी समारोह के दौरान मारपीट में घायल एक युवक की मौत हाे गयी। रास्ते से दूल्हे की गाड़ी निकालने को लेकर हुए झगड़े में घायल युवक ने इलाज के दौरान सोमवार को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस मामले में कार्रवाई में जुटी हुई है।

क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि 5 जून की रात गांव में एक शादी समारोह के दौरान दूल्हे की गाड़ी के आवागमन को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी विवाद में गांव के चिन्टू यादव, धनंजय, कमलेश और मुनीब ने राजीव कुमार पुत्र गौरीशंकर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।

परिजनों के मुताबिक मारपीट के दौरान आरोपिताें ने राजीव कुमार को छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी गर्दन की हड्डी टूट गई। गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब मौत के बाद मामले में हत्या से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई जा रही हैं।
क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवक की मृत्यु के बाद प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपिताें की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम सक्रिय है।

