दिल्ली-NCR से यूपी तक झमाझम बारिश, 25 राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट; पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा

दिल्ली-NCR से यूपी तक झमाझम बारिश, 25 राज्यों में भारी बारिश-आंधी का अलर्ट; पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों के कुछ हिस्सों में मानसून फिर पूरी रफ्तार से सक्रिय है। इससे मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में आज सुबह लगभग साढ़े चार बजे से बारिश हो रही है। बारिश के साथ तेज हवा भी चल रही हैं। भारत मौसम एवं विज्ञान विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली, उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में आसमान में बादलों का डेरा है। विभाग ने कहा कि इन स्थानों पर ठंडी हवाओं के साथ दिनभर जोरदार बारिश होने की पूरी संभावना है।इससे तापमान में भारी गिरावट आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। मौसम एवं विज्ञान विभाग के अनुसार, आज देश के 25 राज्य उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम और नागालैंड में भारी बारिश-आंधी आने का पूर्वानुमान है।

मैदानी राज्यों में उत्तर प्रदेश और बिहार के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होगी। उत्तर प्रदेश और बिहार के अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के भी कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बरसात होने का अनुमान जताया गया है। बारिश ने पहाड़ी राज्यों में मुश्किलें काफी बढ़ा दी हैं। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश की वजह से जमीन धंसने और पहाड़ों पर लैंडस्लाइड (भूस्खलन) का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्गों और संपर्क मार्गों पर चट्टानें गिरने के कारण कई जगहों पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इससे सैकड़ों पर्यटक और स्थानीय लोग रास्ते में ही फंस गए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *