झांसी में बंद मकान का खौफनाक राज: 6 दिन बाद बुजुर्ग दंपती के सड़े-गले शव मिले, हत्या-लूट का आरोप

झांसी में बंद मकान का खौफनाक राज: 6 दिन बाद बुजुर्ग दंपती के सड़े-गले शव मिले, हत्या-लूट का आरोप

झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के गोविंदपुरी कॉलोनी में शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद मकान के अंदर बुजुर्ग पति-पत्नी के करीब छह दिन पुराने शव बरामद हुए। दोनों शव घर में किराए पर दिए गए कमरे में जमीन पर पड़े थे। पति अर्द्धनग्न हालत में था, जबकि पत्नी कपड़े पहने हुए थी। शरीर पर कीड़े पड़ चुके थे। परिजनों ने दोनों की हत्या कर लूटपाट किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान विश्वनाथ पाल (70) और उनकी पत्नी भुवन देवी (65) के रूप में हुई है। दोनों मूलरूप से टोड़ी फतेहपुर थाना क्षेत्र के पुराबगरौनी गांव के रहने वाले थे। करीब 25 साल पहले वे झांसी के महीसागंज में आकर रहने लगे थे। वर्ष 2019 में गोविंदपुरी कॉलोनी में मकान बनवाकर वहां रहने लगे थे। उनके बेटे जगपाल और दो बेटियां फूला व गीता हैं।

जगपाल ने बताया कि वह माता-पिता के मकान से करीब दो किलोमीटर दूर पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। शनिवार शाम करीब 6:30 बजे किराएदार सतेंद्र ने फोन कर बताया कि अंकल-आंटी गेट नहीं खोल रहे हैं और फोन भी नहीं उठा रहे। इसके बाद जगपाल ने माता-पिता को करीब 10 बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

रात में वह मकान पर पहुंचा। गेट अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई तो वह गेट फांदकर अंदर गया। किराएदार के कमरे में माता-पिता के शव जमीन पर पड़े मिले। घर की अलमारी खुली हुई और सामान बिखरा पड़ा था।

जगपाल का आरोप है कि मां ने पोती की शादी के लिए करीब दो लाख रुपये और गहने रखने की बात बताई थी। ये सामान भी गायब है। उसका कहना है कि मुख्य गेट पर लगा ताला भी घर का नहीं था। आशंका है कि वारदात के बाद बदमाश ताला लगाकर फरार हुए।

परिजनों के मुताबिक करीब आठ दिन पहले जगपाल अपने माता-पिता और किराएदार सतेंद्र के साथ था। उस दिन घर में मीट बनाया गया था और तीनों ने शराब भी पी थी। इसके बाद जगपाल अपने घर चला गया। उसके मुताबिक उस दिन पैसों को लेकर मां से उसकी कहासुनी भी हुई थी। परिजनों ने कमरे से खून से सने दो तौलिए मिलने की बात कही है। वहीं, किराएदार सतेंद्र बस कंडक्टर है और अक्सर दो-चार दिन में कमरे पर आता था। शनिवार को उसी ने जगपाल को फोन किया, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल बंद है।

आईजी झांसी आकाश कुलहरि ने बताया कि दोनों शव करीब पांच से छह दिन पुराने और सड़-गल चुके हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि बेटे ने किराएदार सतेंद्र पर शक जाहिर किया है। उसे ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए एसओजी और थाना पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। एसपी सिटी प्रीति सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *