जौनपुर में धनतेरस पर बरसी धनवर्षा, गाड़ियों की रिकॉर्ड बिक्री से चमके बाजार; सोना-चांदी सस्ता होने का दिखा असर

जौनपुर में धनतेरस पर बरसी धनवर्षा, गाड़ियों की रिकॉर्ड बिक्री से चमके बाजार; सोना-चांदी सस्ता होने का दिखा असर

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रोशनी के पर्व दीपावली से पहले धनतेरस पर शुक्रवार को जौनपुर के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। सुबह से देर शाम तक खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी रही। ऑटोमोबाइल, दोपहिया वाहन, सर्राफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा और बर्तन बाजार में ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। खास बात यह रही कि वाहन बाजार में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई। व्यापारियों के मुताबिक, सोने-चांदी के दामों में गिरावट और जीएसटी दरों में राहत का भी खरीदारी पर सकारात्मक असर दिखाई दिया।

शहर के नख्खास, ओलंदगंज , रूहट्टा और नईगंज सहित प्रमुख बाजारों में सुबह से ही चहल-पहल शुरू हो गई थी। दुकानों और शोरूम में ग्राहकों की भीड़ लगी रही। ऑटोमोबाइल सेक्टर में एसयूवी की मांग सबसे अधिक रही। महिंद्रा एजेंसी के जनरल मैनेजर विजय सिंह ने बताया कि धनतेरस से पहले के तीन दिनों में ही एजेंसी से 80 गाड़ियों की बिक्री हुई। स्कॉर्पियो एन, स्कॉर्पियो क्लासिक, एक्सयूवी 3एक्सओ और एक्सयूवी 400 की मांग रही। इनकी कीमतें करीब नौ लाख से 32 लाख रुपये तक हैं। ग्राहक प्रियंका श्रीवास्तव ने धनतेरस पर थार 4×4 खरीदी। उन्होंने बताया कि महिंद्रा की गाड़ियों की मजबूती और सुरक्षा के कारण उन्होंने इसे पसंद किया।

मारुति सुजुकी की प्रीमियम रिटेल चेन नेक्सा में भी अच्छी बिक्री हुई। स्टोर संचालक आमिर ने बताया कि स्टॉक सीमित होने के बावजूद धनतेरस पर 125 गाड़ियों की बिक्री हुई। इनमें इनविक्टो, ग्रैंड विटारा और बलेनो प्रमुख मॉडल रहे।

दोपहिया वाहन बाजार में भी खरीदारों का उत्साह देखने को मिला। पाठक होंडा के सेल्स मैनेजर शुभम ने बताया कि धनतेरस पर 750 बाइक की बिक्री हुई। इनमें हॉर्नेट 2.0 की मांग सबसे अधिक रही।

सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के भाव में गिरावट का असर साफ दिखाई दिया। गहना कोठी के व्यापारी विनीत सेठ ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कारोबार बेहतर रहा और एक करोड़ रुपये से अधिक का टर्नओवर हुआ। सोने और चांदी के दामों में कमी के कारण ग्राहकों ने आभूषणों के साथ चांदी के सामान की भी जमकर खरीदारी की। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में फिर तेजी आने की आशंका के चलते लोगों ने अभी से खरीदारी को प्राथमिकता दी।

इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी फ्रिज, वाशिंग मशीन, टीवी और एसी की बिक्री हुई। देवता इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक सुधीर सिंह ने बताया कि इस बार ग्राहकों का रुझान ज्वेलरी और धातुओं की खरीदारी की ओर अधिक रहा, फिर भी इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की बिक्री अच्छी रही। वहीं, शिव क्लॉथ स्टोर के मालिक अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि देर रात तक करीब तीन से चार लाख रुपये के कपड़ों की बिक्री हो चुकी थी।

बर्तन बाजार में भी खूब रौनक रही। व्यापारी अंकुर कुमार ने बताया कि इस बार पुराने ग्राहकों के साथ नए खरीदार भी पहुंचे। जीएसटी में राहत से ग्राहक उत्साहित दिखे। पीतल के बर्तनों की मांग सबसे अधिक रही। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार कारोबार बेहतर रहा। धनतेरस पर शुभ मानी जाने वाली झाड़ू की भी लोगों ने जमकर खरीदारी की।

बाजारों में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन की व्यवस्था की थी। इससे प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रही। धनतेरस पर विभिन्न कारोबार में हुई अच्छी बिक्री से व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *