जन्मदिन की खुशियां लौटते समय मातम में बदलीं! मुजफ्फरनगर में डंपर-स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 4 की मौत; 3 घायल

जन्मदिन की खुशियां लौटते समय मातम में बदलीं! मुजफ्फरनगर में डंपर-स्कॉर्पियो की भीषण टक्कर, एक ही परिवार के 4 की मौत; 3 घायल

लखनऊ/ मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में चार लोगों की मौत पर शोक संवेदना प्रकट की है। उन्होंने अफसरों को मौके पर पहुंचकर घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश जारी किए है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के मुताबिक, पुरकाजी थाना क्षेत्र में लक्सर स्टेट हाइवे पर सोमवार देररात को डंपर और कार की भिडंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार लोग बुरी तरह फंस गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को बमुश्किल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चार लोगों की मौत हो गई है। मरने वाले की पहचान हरी नगर मोहल्ला निवासी लोहा कारोबारी आदेश गोयल (45) उनकी बहन निशा (35) राखी और निशा की बेटी श्रद्धा (14) के रूप में हुई है।

वहीं, आदेश की मां कुसुम देवी, पत्नी रुबी और राखी की बेटी वैष्णवी घायल है। कार में कुल सात लोग सवार थे, जो आदेश के मौसा राधेश्याम का 75वां जन्मदिन मनाकर रात को कार से वापस लौट रहे थे। पुरकाजी-लक्सर स्टेट हाइवे पर बढ़ीवाला में सोलानी नदी पुल के पास डंपर और कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हाइड्रा की मदद से स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, एसपी सिटी अमृत जैन, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। डंपर और उसके चालक को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *