शामली। झिंझाना पुलिस ने चोरी के वाहन काटकर बेचने के कारोबार में लिप्त चार आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से एक आयशर कैंटर, कटान के उपकरण व भारी मात्रा में गाडियों के काटे गए पाटर्स भी बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एसएसपी सुकीर्ति माधव के निर्देश पर जनपद पुलिस वांछितों व वाहन चोरों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत झिंझाना पुलिस ने एक सूचना के बाद मंगलवार को डेरी वाले तिराहे पर आयशर कैंटर में चोरी की गाडियां काटकर उनके पुर्जों को लादकर ले जाने का प्रयास कर रहे चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से होंडा सिटी, जायलो व सेंट्रो की काटी गयी बाडी, छत, खिडकियां, तेल की टंकी, दो ब्लाक, इंजन, रेडिएटर, एलपीजी गैस किट, बोनट, बंफर, डेक्सबोर्ड, स्टेयरिंग आदि बरामद किए। पूछताछ करने पर आरोपितों ने अपने नाम आदिल पुत्र उमरदीन निवासी कांशीराम कालोनी झिंझाना, रिजवान पुत्र गफ्फार निवासी मौहल्ला पंसारियान शामली, सैफ पुत्र असलम निवासी मौहल्ला पंसारियान शामली तथा पवन पुत्र राजू निवासी गली नंबर दो नया बाजार शामली बताए। थाना प्रभारी रोजंत त्यागी ने बताया कि पुलिस ने पकडे गए आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Posted inUncategorized
