गढीपुख्ता। मिशन शक्ति अभियान को लेकर मंगलवार को एंटी रोमियो स्क्वायड की टीम ने कस्बे में विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाते हुए स्कूलों के आसपास घूम रहे कई मनचलों को कडी फटकार लगाई। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने स्कूली छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा के चलाई जा रही हेल्पलाइनों के संबंध में जानकारी दी। जानकारी के अनुसार प्रदेश शासन के निर्देश पर जनपद में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी सुकीर्ति माधव के निर्देश पर एंटी रोमियो स्क्वायड की टीमें भी बाजारों में घूमकर कालेजों के आसपास मंडराने वाले मनचलों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा एंटी रोमियो स्क्वायड की टीम महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक कर रही हैं। मंगलवार को कस्बा गढीपुख्ता में एंटी रोमियो स्क्वायड की टीम ने कस्बे के कालेजों के आसपास चेकिंग अभियान चलाकर वहां घूम रहे कई मनचलों को कडी फटकार लगाते हुए उनके नाम पते नोट कर हिदायत देकर छोड दिया। इस दौरान स्कूल, कालेजों से घरों को लौट रही कई बालिकाओं को भी टीम ने सरकार की विभिन्न हेल्पलाइनों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी असामाजिक तत्व उनके खिलाफ छेडछाड अथवा परेशान करता है तो वे तुरंत डॉयल 112 अथवा अन्य हेल्पलाइनों पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

Posted inUncategorized
