मुजफ्फरनगर। गाजियाबाद में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली विवाहिता प्राची तायल का शव बुधवार देर शाम मुजफ्फरनगर पहुंचने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित ससुराल पहुंचे, लेकिन वहां घर पर ताला लगा मिला। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने शव को ससुराल की चौखट पर रख दिया और सास, ससुर, ननद तथा बिचौलिए की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे तक चले हंगामे की सूचना पर नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर परिजनों को शांत कराया।

जानकारी के अनुसार घेर कालेराय, हनुमान चौक निवासी प्राची तायल की शादी 23 नवंबर 2025 को नई मंडी क्षेत्र के देवी मंदिर के पास रहने वाले हार्दिक तायल पुत्र मदन गोपाल के साथ हुई थी। हार्दिक गाजियाबाद की एक कंपनी में इंजीनियर बताया गया है। शादी के बाद प्राची अपने पति के साथ गाजियाबाद के वेब सिटी थाना क्षेत्र स्थित मकान में रह रही थी।

बताया गया कि कुछ दिन पहले प्राची अपनी ननद की प्रस्तावित शादी के सिलसिले में मुजफ्फरनगर आई थी। इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद रविवार को उसका पति हार्दिक उसे वापस गाजियाबाद ले गया था। मंगलवार को गाजियाबाद स्थित मकान में प्राची का शव फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग गाजियाबाद पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की।
मृतका की मां अंजू तायल की शिकायत पर गाजियाबाद के वेब सिटी थाने में पति हार्दिक, सास रजनी, ससुर मदन गोपाल, ननद और बिचौलिए के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि प्राची को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामले में गाजियाबाद पुलिस ने मृतका के पति हार्दिक तायल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपियों के संबंध में पुलिस कार्रवाई जारी होने की बात सामने आई है। मायके पक्ष का आरोप है कि अन्य आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हैं।
बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद प्राची का शव एंबुलेंस से मुजफ्फरनगर लाया गया। परिजन शव को लेकर नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित ससुराल पहुंचे। वहां मकान पर ताला लगा देखकर उनका गुस्सा और बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने पोद्दार जंबो किड्स स्कूल के पास स्थित मकान के बाहर शव रख दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।
हंगामे की सूचना मिलते ही नई मंडी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों से बातचीत की और उन्हें मामले में निष्पक्ष जांच तथा नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस से समन्वय कर मामले में आगे की कार्रवाई कराने का आश्वासन भी दिया।
करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद परिजन शांत हुए और शव को लेकर भगत सिंह रोड स्थित अपने घर चले गए। गुरुवार सुबह परिजनों ने प्राची तायल का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले को लेकर दोनों पक्षों के आरोपों और पुलिस की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

