गाजियाबाद में भाई के साथ मारपीट का विरोध करना पड़ा भारी, आरोपियों ने 33 वर्षीय बहन की गोली मारकर की हत्या

गाजियाबाद में भाई के साथ मारपीट का विरोध करना पड़ा भारी, आरोपियों ने 33 वर्षीय बहन की गोली मारकर की हत्या

नोएडा। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र के इंदिरापुरी कॉलोनी में शनिवार की देर रात को आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। अपने भाई के साथ हुई मारपीट का विरोध करने आरोपियों के घर पहुंची 33 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला के साथ आए अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों घर में घुसकर तोड़फोड़ की। महिला भाई दूज पर अपने मायके रहने आई थी। बताया जाता है उसके भाई ने किसी घर के सामने लघुशंका की थी। इस बात को लेकर विवाद हुआ था।

सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्य ने बताया कि थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र मैं रहने वाले बाबूलाल की बेटी पूजा (33) की शादी नोएडा के दादरी निवासी नरेंद्र से हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं। इन दोनों वह भाई दूज के त्यौहार की वजह से अपने मायके आई हुई थी। शनिवार रात उसका भाई अमन घर से करीब 50 मीटर दूर बैठा था। इसी दौरान डी ब्लॉक की दूसरी गली में रहने वाले कुछ युवक वहां पर पहुंचे, और किसी बात को लेकर अमन से उनका विवाद हो गया। उसके साथ मारपीट की, और तमंचे की बट से हमला कर घायल कर दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पूजा अपने मौसेरे भाई अमित और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंची। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान आरोपियों ने पूजा के सिर में गोली मार दी, तथा घर के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की।

घायल पूजा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित पीड़ित पक्ष के लोगों ने आरोपियों के घर में पहुंचकर तोड़फोड़ की। वहां खड़ी कारों को भी तोड़ा। उन्होंने बताया कि मौके पर चार थाने की पुलिस पहुंची। लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आज शव का पोस्टमार्टम हो रहा है। घटना से क्षेत्र में तनाव व्याप्त है। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *