कानपुर में रावण दहन से पहले बड़ा हादसा: हीलियम सिलिंडर फटने से बच्ची समेत 4 घायल, मेले में मची अफरा-तफरी

कानपुर में रावण दहन से पहले बड़ा हादसा: हीलियम सिलिंडर फटने से बच्ची समेत 4 घायल, मेले में मची अफरा-तफरी

कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के धरीपुरवा में देर रात रावण दहन से पहले हीलियम सिलिंडर फटने से गुब्बारा विक्रेता समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो साल की बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल गुब्बारा विक्रेता को एलएलआर अस्पताल रेफर किया गया।

डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गुब्बारा विक्रेता निर्माणाधीन डिवाइडर के अंदर सिलिंडर रखकर गुब्बारों में गैस भर रहा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अत्यधिक गर्मी के कारण सिलिंडर में विस्फोट होने की आशंका है। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है।

धरीपुरवा पार्क में रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला का आयोजन किया गया था। यहां रावण दहन होना था, जिसके चलते मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। आयोजन स्थल के पास सड़क निर्माण का काम चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुब्बारा विक्रेता रामू निर्माणाधीन डिवाइडर के अंदर हीलियम सिलिंडर रखकर गुब्बारे बेच रहा था। तभी अचानक तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। विस्फोट की चपेट में आने से रामू उछलकर जमीन पर गिर पड़ा।

हादसे में गुब्बारा विक्रेता रामू, बबलू रघुवंशी, उनकी दो वर्षीय बेटी रिद्धि और आकाश राजपूत घायल हो गए। धमाके के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को आत्माराम अस्पताल में भर्ती कराया। रामू की हालत गंभीर होने के कारण उसे एलएलआर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों को मामूली चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलने पर डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी, एसीपी नौबस्ता अभिषेक कुमार राहुल और विधायक महेश त्रिवेदी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *