कानपुर में दर्दनाक हादसा! ट्रक की चपेट में आई बाइक, 45 वर्षीय युवक की मौके पर मौत; भांजा गंभीर घायल

कानपुर में दर्दनाक हादसा! ट्रक की चपेट में आई बाइक, 45 वर्षीय युवक की मौके पर मौत; भांजा गंभीर घायल

कानपुर। घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवेढ़ी चौराहे के पास देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई, जबकि उसका भांजा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घाटमपुर से खरीदारी कर वापस लौट रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाते हुए मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल में जुट गई है।

कानपुर देहात के खालेशहर निवासी आमोद नामदेव (45) अपने भांजे मुकेश के साथ बाइक से घाटमपुर आए थे। दोनों घर जाने के लिए निकले थे। नवेढ़ी चौराहे के पास पहुंचते ही उनकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे। आमोद ट्रक के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मुकेश को गंभीर चोटें आईं।

राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने घायल मुकेश को घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर जिला अस्पताल भेज दिया।

दूसरी ओर पुलिस ने आमोद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

आमोद की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी सुमन का रो-रोकर हाल बेहाल रहा। पिता की मौत से बेटी कशिश, कृतिका और बेटा अभि सिंह भी बेहाल रहे। परिजनों के मुताबिक सुमन बच्चों के भविष्य को लेकर बार-बार चिंता जताती रहीं। रिश्तेदार उन्हें ढांढस बंधाते रहे।

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दूसरा घायल है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *