कांवड़ यात्रा को लेकर मुजफ्फरनगर में हाई अलर्ट! डीएम-एसएसपी ने देर रात तक की समीक्षा, ड्रोन निगरानी और रूट डायवर्जन समेत दिए सख्त निर्देश

कांवड़ यात्रा को लेकर मुजफ्फरनगर में हाई अलर्ट! डीएम-एसएसपी ने देर रात तक की समीक्षा, ड्रोन निगरानी और रूट डायवर्जन समेत दिए सख्त निर्देश

मुजफ्फरनगर। आगामी श्रावण माह की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार देर रात तक विकास भवन सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, बिजली, नगर पालिका, पंचायती राज, परिवहन, खाद्य सुरक्षा सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि संपूर्ण कांवड़ मार्ग को जोन और सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक क्षेत्र में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थलों पर चौबीसों घंटे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा के प्रमुख दिनों में भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इसकी जानकारी पहले से आमजन तक पहुंचाई जाएगी ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। राष्ट्रीय राजमार्गों और कांवड़ पटरी मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्गों के सभी गड्ढों की समय रहते मरम्मत कराई जाए, अवैध कट बंद किए जाएं तथा हाईमास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील रखा जाए। इसके अलावा नहर पटरी मार्ग की सफाई और मरम्मत को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बिजली विभाग को झूलते बिजली के तारों को ऊंचा करने, जर्जर बिजली पोल बदलने, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग कराने और सभी विद्युत बिंदुओं की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पूरे कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्ग पर चौबीसों घंटे संचालित चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएंगे। इन शिविरों में चिकित्सकों की टीम, जीवनरक्षक दवाएं, ओआरएस, प्राथमिक उपचार की सुविधाएं तथा एम्बुलेंस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। वन विभाग को सड़क किनारे पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराने तथा नगर पालिका, पंचायती राज विभाग और विकास खंड अधिकारियों को मार्ग के दोनों ओर झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि कांवड़ मार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और लाइसेंस की जांच सुनिश्चित करते हुए मिलावटी या असुरक्षित खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने कहा कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और चिन्हित स्थलों पर स्वास्थ्य टीमें, मोबाइल मेडिकल यूनिट और टू-व्हीलर मेडिकल टीमें तैनात रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अनिरुद्ध प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, उपजिलाधिकारी जानसठ सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *