सहारनपुर। कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली, महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा के संयुक्त नेतृत्व में आज कोर्ट रोड़ स्थित आयकर भवन के सामने कांग्रेसजन एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट पहुंचकर कांग्रेसजनों ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा। महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में उस सरकारी आदेश को वापस लेने की मांग की गई, जिसके अंतर्गत गरीबों को राशन कार्ड सरेंडर करने के आदेश हुए हैं। इस अवसर पर कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौधरी मुजफ्फर अली व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा ने कहा कि सरकार का यह आदेश गरीबों के लिए अपमानजनक व उनका उपहास उड़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि यह आदेश सरासर पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में बनाए गए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून का खुला उल्लंघन भी करता है। चौधरी मुजफ्फर अली ने कहा कि इस तरह के तुगलकी फरमान को तुरंत वापस लेकर महंगाई व बेरोजगारी के इस दौर में गरीबों को मुफ्त राशन सुविधाएंे निरंतर जारी रहनी चाहिए, जिससे करोड़ों गरीब नागरिक जो आज बेरोजगारी और महंगाई से त्रस्त हैं, उनको राहत मिल सके। प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार को कोई अधिकार नहीं कि वह देश के कानून के अंतर्गत दी जा रही सुविधा से देश के गरीब नागरिकों को वंचित करें। इस अवसर पर प्रदेश सचिव प्रवीण चौधरी, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, जिला उपाध्यक्ष मनीष त्यागी, जिला कोषाध्यक्ष हरिओम मिश्रा, सेवादल जिलाध्यक्ष इमरान कुरेशी, पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, अक्षय चौधरी, महानगर उपाध्यक्ष इकराम खान, महामंत्री गुलशेर अल्वी, शादाब अंसारी, जव्वार अहमद, मधु सहगल, रेहान कुरैशी, नसीब खान आदि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन उपस्थित रहे।


