बागपत। जनहितकारी सेवा समिति रामनगर अलीगढ़ द्वारा संचालित एवं समाज कल्याण विभाग बागपत द्वारा सहायता प्राप्त आवासीय वृद्धा आश्रम गौरीपुर मितली में आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया।

इस मौके पर बागपत की जिला समाज कल्याण अधिकारी रचना शर्मा तथा आयुर्वेदिक एंड यूनानी चिकित्सालय बागपत की क्षेत्रीय अधिकारी मोनिका गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुई। उन्होंने आश्रम प्रांगण में बुजुर्गों के साथ तिरंगा रैली निकाली और बुजुर्ग लोगों को तिरंगे का महत्व बताया। बताया कि इस बार देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, इसलिए सरकार इस वर्ष को अमृत महोत्सव के रूप में मना रही है। सभी लोग अपने घरों पर 13 अगस्त से 15 अगस्त तक तिरंगा अवश्य फहराये और राष्ट्र निर्माण में सहभागी बने। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें मोनिका गुप्ता ने बुजुर्गों को दवाइयां बांटी और उन्हें योग की जानकारी दी। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस मौके पर आश्रम के प्रभारी जितेंद्र कुमार शर्मा, अधीक्षिका सोनू शर्मा समेत काफी लोग मौजूद थे।

