श्रीनगर। जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षा बलों का आतंकवादियों की धरपकड के लिए चलाया जा रहा अभियान गुरूवार को आतंकवादियों के इलाके से भागने के बाद रोक दिया गया।
शोपियां के हरिपोरा इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच बुधवार देर रात उस समय मुठभेड़ शुरू हो गई, जब सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने इलाके में घेराव कर और तलाशी अभियान शुरू किया।
एक सुरक्षा अधिकारी ने कहा “आतंकवादियों के साथ लड़ाई रात लगभग 11 बजे लड़ाई शुरू हुई लेकिन उसके बाद दोनों ओर से कोई फायरिंग नहीं हुई। आज सुबह गांव में आतंकवादियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया हालांकि, कुछ भी नहीं मिला और अभियान को रोक दिया गया।”
स्थानीय लोगों ने कहा कि आतंकवादियों को पकड़ने के लिए ड्रोन कैमरों का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि यह पता नहीं चल सका है कि आतंकवादी कब भाग निकले।
उल्लेखनीय है कि अवंतीपोरा के त्राल इलाके में बुधवार को मुठभेड़ में दो स्थानीय आतंकवादी मारे गए थे।


