अमेठी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक-डीसीएम की टक्कर में चालक की मौत, हाईवे पर मचा हड़कंप

अमेठी में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक-डीसीएम की टक्कर में चालक की मौत, हाईवे पर मचा हड़कंप

अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद अंतर्गत जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक और डीसीएम की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें डीसीएम के ड्राइवर की डीसीएम में फंसकर दर्दनाक मौत हो गई । सूचना पर पहुंची पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में जुटी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रायबरेली अयोध्या राजमार्ग पर रविवार की सुबह 7 बजे के करीब तेज रफ्तार ट्रक और डीसीएम में जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि डीसीएम में देसी शराब की पेटियां लदी हुई थी जो अयोध्या की तरफ से रायबरेली की ओर जा रही थी। वहीं ट्रक रायबरेली की तरफ से अयोध्या की ओर जा रहा था।

 

मंगौली तिराहे पर हाईवे को बाईपास से जोड़ने का कार्य चल रहा है जिसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा ट्रैफिक को एक ही मार्ग से डायवर्ट किया गया है जिसके चलते दोनों वाहन एक ही लेन में आ गए और आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस टक्कर में डीसीएम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिसमें फंसकर ड्राइवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद डीसीएम ड्राइवर की लाश को बाहर निकलवाया। पुलिस द्वारा तत्काल क्रेन बुलवाकर हाईवे से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाया गया और राजमार्ग को आवागमन के लिए बहाल कर दिया गया है।

जगदीशपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि इस हादसे में डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। डीसीएम चालक का नाम राहुल यादव (26) पुत्र मक्खू यादव निवासी खुशामतपुर थाना मोहम्मदाबाद गोहना जनपद मऊ का रहने वाला है। उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मृतक ड्राइवर की लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। इसी के साथ फरार ट्रक चालक की भी तलाश शुरू कर दी गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *