मुजफ्फरनगर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिखेड़ा पुलिस ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर हिस्ट्रीशीटर अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव तथा थाना प्रभारी विजय कुमार के नेतृत्व में थाना सिखेड़ा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर भंडूर रजवाहा पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मतलूब पुत्र इकरामुद्दीन, निवासी ग्राम सिखेड़ा, थाना सिखेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना सिखेड़ा का हिस्ट्रीशीटर है, जिसकी हिस्ट्रीशीट संख्या 78-ए दर्ज है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। उसके विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आयुध अधिनियम, गोवध अधिनियम, आबकारी अधिनियम, विद्युत अधिनियम और गुंडा एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस कब्जे में लेकर थाना सिखेड़ा में मुकदमा अपराध संख्या 86/2026 के तहत धारा 3/25 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक फरीद अहमद, हेड कांस्टेबल शिवकुमार, हेड कांस्टेबल अमित कुमार तथा कांस्टेबल विनय भारती शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।

