अपने बच्चों के साथ भी निकलना मुश्किल, गोद में बेटी के रोने पर बच्चा चोर समझकर पति-पत्नी की पिटाई

अपने बच्चों के साथ भी निकलना मुश्किल, गोद में बेटी के रोने पर बच्चा चोर समझकर पति-पत्नी की पिटाई

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में अपने बच्चे और पत्नी के साथ दावत में जा रहे युवक की भीड़ ने बच्चा चोर समझ कर पिटाई कर दी। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण दूसरे पक्ष के लोग भी एकत्र हो गए। हालात बिगड़ने पर कोतवाली पुलिस ने बमुश्किल भीड़ से दंपति को बचाया और कोतवाली ले आई। एसपी ने पीड़ित पक्ष से बातचीत की। पुलिस ने एक नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

ये मामला पीलीभीत के थाना न्यूरिया क्षेत्र स्थित सैदपुर गांव का है। छोटेलाल अपनी पत्नी स्वीकृति देवी, पांच साल की बेटी त्रिवेणी और तीन तीन साल की पल्लवी के साथ मोहल्ला डालचंद में एक दावत में आए थे। दावत खाने के बाद वह अपनी छोटी बेटी को डॉक्टर को दिखाने के लिए गांधी स्टेडियम रोड पर एक निजी नर्सिंग होम में गए लेकिन डॉक्टर के नहीं होने के कारण वह वापस बाइक से अपने गांव जा रहे थे।

जैसे ही वह शहर के बेलों वाले चौराहे पर पहुंचे तभी वहां भीड़ ने अचानक बच्चा चोर का शोर मचाकर उनको पकड़ लिया। इसके बाद सड़क पर ही उनकी पिटाई करना शुरू कर दी। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। क्योंकि बेलों वाला चौराहा मिश्रित आबादी क्षेत्र है। इसीलिए दूसरे पक्ष के भी लोग वहां पर एकत्र हो गए। मामला बिगड़ता इससे पूर्व किसी ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी।

सूचना मिलने पर कोतवाली से भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ के चंगुल से पीड़ित को बचाया। पुलिस पीड़ित पक्ष को लेकर कोतवाली आ गई। पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। मिश्रित आबादी वाले इलाके में हुए घटनाक्रम के बाद एसपी दिनेश कुमार पी, एएसपी डाक्टर पवित्र मोहन त्रिपाठी ने कोतवाली पहुंचकर पीड़ित से घटना की जानकारी ली।

पुलिस ने पीड़ित छोटेलाल की तहरीर पर मोहल्ला मुनीर खां निवासी फैसल को नामजद करते हुए 30 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने फैसल, फुरकान, हनीफ निवासी मोहल्ला मुनीर खां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

बेलों वाले चौराहे पर हुए विवाद को लेकर अफसर कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। देर रात तक सीओ सिटी सुनील दत्त खुद भारी संख्या में पुलिस के साथ डटे रहे। सोमवार सुबह से भी बेलों वाले चौराहे पर पुलिस की तैनाती की गई है ताकि अराजकतत्व किसी प्रकार की खुराफात न कर सके। पुलिस अफसरों ने भी इलाके का भ्रमण कर हालात भांपे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *