वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे। पुलिस लाइन में जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘नमो बुक फेस्ट, काशी संस्करण’ का अवलोकन करेंगे। इसके बाद वह रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित जनसभा में शामिल होंगे। जनसभा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यों के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़े विभिन्न विषयों को प्रमुखता से रखा जाएगा।

अपने वाराणसी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उनके आवागमन वाले मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों की तैनाती की गई है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन भी लागू किया गया है।

