नोएडा। थाना सेक्टर 58 क्षेत्र के दिल्ली मेरठ हाईवे पर खराब खड़े एक ट्रक से दूध का कैंटर आज तड़के टकरा गया। इस घटना में कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कैंटर के अंदर फंसे चालक को निकालकर नोएडा के जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया। वहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

थाना सेक्टर-58 के प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पवन (30) निवासी जनपद हापुड़ आज सुबह को दूध का टैंकर लेकर जनपद हापुड़ से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। उन्होंने बताया कि दिल्ली मेरठ हाईवे पर एनआईबी चौकी के पास एक ट्रक खराब होकर खड़ा था। पीछे से आ रहे दूध के टैंकर के चालक पवन ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दिया। इस घटना में वह दूध के टैंकर के अंदर फंस गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें टैंकर से बाहर निकाला तथा उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से नोएडा के सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां पर उपचार के दौरान आज दोपहर को उनकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।


