सपा के रामगोपाल यादव और धनराज नाथवानी ने भरा नामांकन, अखिलेश यादव रहे मौजूद

सपा के रामगोपाल यादव और धनराज नाथवानी ने भरा नामांकन, अखिलेश यादव रहे मौजूद

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुधवार को अपने दो प्रत्याशियों के नामांकन के साथ चुनावी प्रक्रिया में कदम आगे बढ़ा दिया है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी ने निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।

नामांकन के दौरान अखिलेश यादव के साथ पार्टी महासचिव शिवपाल सिंह यादव, विधायक रविदास मेहरोत्रा, ओपी सिंह, अतुल प्रधान समेत पार्टी के कई नेता और विधायकगण मौजूद रहे। दोनों प्रत्याशियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष नामांकन पत्र और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए। सपा विधायकों की मौजूदगी से नामांकन के दौरान पार्टी के भीतर चुनाव को लेकर सक्रियता भी नजर आई।

उल्लेखनीय है कि प्रो. रामगोपाल यादव सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ संसदीय चेहरों में शामिल हैं और पार्टी ने उन्हें एक बार फिर राज्यसभा के लिए मैदान में उतारा है। वहीं धनराज परिमल नाथवानी एक बडे़ औद्याेगिक घराने और खेल प्रशासन से ता रखते हैं। वर्तमान में वह रिलायंस इंडस्ट्रीज से जुड़े हैं और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख छह अक्टूबर है। मौजूदा विधानसभा संख्या बल के आधार पर एक राज्यसभा सीट के लिए 37 प्रथम वरीयता मतों की आवश्यकता होगी।

सपा ने बुधवार को फिलहाल दो प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी की ओर से तीसरे प्रत्याशी को लेकर अभी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है। इससे राज्यसभा चुनाव में सपा की आगे की रणनीति को लेकर राजनीतिक चर्चा बनी हुई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *