नई दिल्ली। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक का सुरक्षा कवच है, जो उसे स्वतंत्रता, समानता, न्याय और बंधुत्व की गारंटी देता है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हमारा संविधान हर भारतवासी के अधिकारों की रक्षा करता है। उन्होंने संविधान का निर्माण करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों, क्रांतिकारियों और संविधान सभा के सम्मानित सदस्यों को नमन किया। साथ ही सभी नागरिकों से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए मिलकर संकल्प लेने का आह्वान किया।

सुक्खू बोले- हर नागरिक के अधिकारों का सुरक्षा कवच है संविधान
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी संविधान दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर लिखा कि हमारा संविधान प्रत्येक भारतीय को स्वतंत्रता, समानता, न्याय और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है।
उन्होंने कहा कि गरीबों, वंचितों, दलितों, पिछड़े वर्गों, महिलाओं और आदिवासियों सहित हर नागरिक के अधिकारों की रक्षा करने वाला संविधान सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। उन्होंने लोगों से संविधान की रक्षा के लिए हमेशा खड़े रहने का संकल्प लेने की अपील की।
अशोक गहलोत ने संविधान निर्माताओं को किया नमन
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने संविधान दिवस की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. बीआर अंबेडकर सहित संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली सभी महान विभूतियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता, न्याय और स्वतंत्रता की रक्षा करना जरूरी है।
गहलोत ने देश की एकता, अखंडता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि संविधान के मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
भूपेश बघेल ने सामाजिक न्याय और भाईचारे पर दिया जोर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने भारतीय संविधान को विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की आत्मा और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधारस्तंभ बताया। उन्होंने 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान अंगीकृत किए जाने का उल्लेख करते हुए देशवासियों को बधाई दी।
बघेल ने कहा कि सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि न किसी के अधिकारों का हनन होने देंगे और न ही सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा भाईचारे की भावना को कमजोर पड़ने देंगे।

