संविधान दिवस पर कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू, लखनऊ में खरगे करेंगे ‘संविधान रक्षा’ मार्च; भाजपा पर वोट के अधिकार पर हमले का आरोप

संविधान दिवस पर कांग्रेस का राष्ट्रव्यापी आंदोलन शुरू, लखनऊ में खरगे करेंगे ‘संविधान रक्षा’ मार्च; भाजपा पर वोट के अधिकार पर हमले का आरोप

लखनऊ। प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में कांग्रेस पार्टी ने संविधान दिवस पर गुरुवार को राष्ट्रव्यापी आंदोलन का आगाज किया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस आंदोलन का नेतृत्व करने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज लखनऊ आ रहे हैं।

मोना ने कहा कि संविधान बदलने में नाकाम रहने के बाद अब भाजपा संविधान की आत्मा पर, यानी नागरिकों के वोट के अधिकार पर हमला कर रही है। जो सरकार जनता के वोट से नहीं डरती, वह जनता का वोट छीनने की साजिश नहीं करती। भाजपा की यह कोशिश बताती है कि वह उत्तर प्रदेश की जनता के फैसले से डरी हुई है। आराधना मिश्रा ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में तैयार संविधान को अंगीकार किया था। इस ऐतिहासिक दिन को 77 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इन 77 वर्षों में भारत के संविधान पर सबसे बड़ा हमला आज भाजपा की सरकार में हो रहा है।

मोना ने बताया कि खरगे गुरुवार दोपहर 12:40 बजे आंबेडकर महासभा, लखनऊ पहुंचकर बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के अस्थि कलश को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1.00 बजे से 3.00 बजे तक वे “संविधान रक्षा” मार्च में शामिल होंगे। आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने हमेशा देश को दिशा दी है। आज लखनऊ की सड़कों से एक बार फिर भाजपा को साफ संदेश जाएगा कि उत्तर प्रदेश की जनता संविधान और अपने वोट के अधिकार से छेड़छाड़ किसी कीमत पर नहीं सहेगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *