नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) की ओर से आगामी चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी किए जाने पर भाजपा नेताओं ने निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि सपा कितने भी घोषणा पत्र जारी कर ले, प्रदेश में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चाओं पर भी तंज कसा।

‘जनता को लॉलीपॉप देने का प्रयास कर रही सपा’

आईएएनएस से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने सपा के घोषणा पत्र पर कहा कि हर इम्तिहान में एक ही प्रश्नपत्र आता है, लेकिन सपा तीन-तीन प्रश्नपत्र लाकर घोषणा पत्र जारी कर जनता को लॉलीपॉप देने का असफल प्रयास कर रही है। जनता सच्चाई समझती है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का एजेंडा केवल गुंडों को आगे बढ़ाना है।
सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह दोनों दलों का आपसी मामला है, लेकिन कितने भी गठबंधन कर लें, इंडी गठबंधन को उत्तर प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।
कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च पर भी हमला
कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च को लेकर ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता आज साथ दिखाई दे रहे हैं, लेकिन कांग्रेस ने ही देश में आपातकाल लागू कर संविधान को निलंबित किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के दोहरे रवैये को देश और प्रदेश की जनता अच्छी तरह समझती है और उसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।
सपा के घोषणा पत्र पर उठाए सवाल
यूपी सरकार के मंत्री ने कहा कि संविधान दिवस के मौके पर सपा मुखिया अखिलेश यादव घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं, लेकिन उससे पहले ही घोषणा पत्र से जुड़े कार्यक्रम में अराजकता का माहौल देखने को मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के घोषणा पत्र में यह नहीं बताया गया है कि सत्ता में आने पर दंगे नहीं होंगे, अपराधियों को खुली छूट नहीं मिलेगी और प्रदेश को गुंडाराज में नहीं बदला जाएगा।
ब्रजेश पाठक ने सपा पर सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के शासन में नौकरियां पैसे लेकर बेची जाएंगी और योग्य अभ्यर्थी वंचित रह जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और एनडीए फिर सत्ता में आएगा।
राजभर और खंडेलवाल ने भी गठबंधन पर कसा तंज
सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर राजभर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी ऐसी स्थिति में पहुंच गई है, जहां उसे समर्थन के लिए भीख मांगनी पड़ रही है। उन्होंने दोनों दलों को अपने दम पर चुनाव लड़ने की सलाह दी।
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने सपा-कांग्रेस गठबंधन को अपवित्र साठगांठ बताते हुए दावा किया कि यह गठबंधन टूट रहा है।
संजय सरावगी बोले- स्वार्थ का गठबंधन है सपा-कांग्रेस की दोस्ती
बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने इसे स्वार्थ का गठबंधन बताते हुए कहा कि जहां यह गठबंधन होगा, वहां मारकाट होगी। सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटें देने और उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इससे गठबंधन की स्थिति स्पष्ट होती है।
सरावगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता जानती है कि ये दल प्रदेश का भला नहीं कर सकते। उन्होंने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुधरने, माफिया राज खत्म होने और युवाओं को रोजगार मिलने का दावा करते हुए फिर एनडीए सरकार बनने की बात कही।
राधामोहन दास अग्रवाल ने भी साधा निशाना
भाजपा नेता राधामोहन दास अग्रवाल ने सपा के घोषणा पत्र पर कहा कि हर राजनीतिक दल चुनाव के समय अपना घोषणा पत्र जारी करता है और जनता जानती है कि सपा का घोषणा पत्र कैसा होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को संविधान दिवस की आड़ नहीं लेनी चाहिए।

