शाहजहांपुर में SBI ग्राहक सेवा केंद्र लूट का खुलासा, मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार; पैर में लगी गोली

शाहजहांपुर में SBI ग्राहक सेवा केंद्र लूट का खुलासा, मुठभेड़ में तीन आरोपी गिरफ्तार; पैर में लगी गोली

शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। जनपदीय एसओजी, सर्विलांस सेल और पुवायां थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार तड़के बड़ागांव अंडरपास के समीप मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जवाबी फायरिंग में तीनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात भंवरे दीक्षा अरुण ने बताया की, पुवायां थाना क्षेत्र के गांव पटई, पोस्ट अनावा निवासी पवन कुमार एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं। 16 नवंबर की शाम को केंद्र बंद कर घर लौटते समय अनावा चौराहे के मोड़ पर बाइक सवार युवकों ने उनका रास्ता रोककर बैग छीन लिया था। बैग में नकदी और लैपटॉप रखा हुआ था।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें जुटी थीं।

एएसपी ने बताया कि गुरुवार तड़के करीब ढाई बजे बड़ागांव अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। जिसपर मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने टीम पर फायरिंग कर दी।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीनों गोली लगने से घायल हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित सक्सेना निवासी बड़ागांव थाना पुवायां जनपद शाहजहांपुर तथा मौसम उर्फ आशुतोष निवासी सिसौरा नकूमपुर और नितिन गौतम निवासी सुआताली मुड़िया थाना मोहम्मदी, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे , दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक लैपटॉप, एक बायोमैट्रिक डिवाइस और 20,020 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, लैपटॉप, बायोमैट्रिक डिवाइस और नकदी लूट की घटना से संबंधित हैं। बरामद मोटरसाइकिल चोरी की है।

एएसपी ने बताया कि, अर्पित सक्सेना के खिलाफ आठ, मौसम उर्फ आशुतोष के खिलाफ पांच और नितिन गौतम के खिलाफ चार मुकदमों का आपराधिक इतिहास है। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में भी मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *