शामली। बेसिक शिक्षा विभाग शामली की ओर से पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह और कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन राधा वाटिका, साईं धाम के निकट सहारनपुर रोड पर किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य मोहित बेनीवाल रहे, जबकि अध्यक्षता जिलाधिकारी आलोक यादव ने की।

कार्यक्रम में मोहित बेनीवाल ने पीएम पोषण योजना से जुड़ी रसोइया बहनों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। उन्होंने रसोइयों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्कूलों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव बनते हैं।

रसोइयों के योगदान को बताया महत्वपूर्ण
मोहित बेनीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण को प्राथमिकता दी जा रही है। पीएम पोषण योजना केवल बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनके बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है।
उन्होंने कहा कि रसोइया बहनें पूरी मेहनत और सेवा भावना के साथ बच्चों के लिए भोजन तैयार करती हैं। उनके योगदान का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है। कैशलेस चिकित्सा कार्ड रसोइयों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
मुख्य अतिथि ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास आने वाली पीढ़ी को मजबूत और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान रसोइया बहनों में भी उत्साह देखने को मिला। चिकित्सा कार्ड मिलने पर उन्होंने सरकार की इस पहल को अपने लिए उपयोगी बताया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य वीरेंद्र सिंह, विधायक प्रसन्न चौधरी, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, रसोइया बहनें और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

