वाराणसी में छात्रा से छेड़खानी के बाद भागने लगा ऑटो चालक, पुलिस पर चलाई गोली; जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

वाराणसी में छात्रा से छेड़खानी के बाद भागने लगा ऑटो चालक, पुलिस पर चलाई गोली; जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की छात्रा से छेड़खानी के आरोपित ऑटो चालक को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सोमवार देर रात रविंद्रपुरी स्थित अस्सी नाले के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपित के पैर में गोली लगी। घायल आरोपित को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। उसकी पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी मैनुद्दीन के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की एक छात्रा सोमवार शाम करीब 7:30 बजे बीएचयू के विधि संकाय के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक ऑटो चालक ने कथित तौर पर वाहन की रफ्तार धीमी कर छात्रा के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपित मौके से भागने लगा। छात्रा ने शोर मचाकर उसका विरोध किया और पुलिस से शिकायत की।

छात्रा की शिकायत पर पुलिस ने ऑटो चालक मैनुद्दीन को पकड़ लिया। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ छेड़खानी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद देर शाम पुलिस टीम उसे मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान रविंद्रपुरी स्थित अस्सी नाले के पास आरोपित ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली और वाहन से उतरकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा किया तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायल आरोपित को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *