वाराणसी। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में एमएससी की छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या मामले में क्राइम ब्रांच और राजातालाब पुलिस ने सोमवार भोर मुठभेड़ के दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। जमुनी गांव के पास हुई मुठभेड़ में आरोपित के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किया है। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राजातालाब पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित की पहचान मऊ निवासी पुनीत मिश्रा के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान बाइक सवार उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

जांच में सामने आया है कि छात्र श्रेया की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपित पुनीत मिश्रा की भी भूमिका थी। आरोप है कि उसने वारदात को अंजाम देने के लिए अपने साथियों को लाखों रुपये देने का लालच दिया था। पुलिस अब हत्या में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका और पुनीत द्वारा दिए गए कथित आर्थिक लालच के संबंध में पूछताछ कर रही है।
मामले का मुख्य आरोपित विवेक चौबे अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से विवेक का मोबाइल फोन बंद है और वह लगातार ठिकाने बदल रहा है। उसके रिश्तेदारों, परिचितों और संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
छात्रा श्रेया 18 अगस्त को घर से निकली थी
राजातालाब थाना क्षेत्र के मरुई गांव निवासी सुनील उपाध्याय की 22 वर्षीय इकलौती बेटी श्रेया उपाध्याय जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी रसायन विज्ञान द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, वह 18 अगस्त की सुबह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि रास्ते में उसका दूर का रिश्तेदार विवेक चौबे उसे मिला और बाइक पर बैठाकर रोहनिया के बच्छांव-पश्चिमपुरा स्थित अपने किराए के कमरे पर ले गया और उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद से परिजन विवेक चौबे और उसके रिश्तेदारों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपित विवेक चौबे समेत हत्या में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।

