लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल करते हुए पर्यटन विभाग ने रविवार को लखनऊ से बांदा स्थित ऐतिहासिक कालिंजर किले तक विशेष बाइक राइड का शुभारंभ किया। राजधानी के 1090 चौराहे से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने करीब 60 बाइकर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया के सामने नई पहचान दिलाना है।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और सरकार एडवेंचर टूरिज्म को विशेष रूप से प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि कालिंजर किला ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण धरोहर है। इस तरह की बाइक यात्राओं के माध्यम से प्रदेश के पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलेगी और अधिक से अधिक पर्यटक उत्तर प्रदेश का रुख करेंगे।

राइड का आयोजन “द राइडिंग चैप्टर विजिट माई स्टेट” अभियान के तहत किया गया। यात्रा लखनऊ से शुरू होकर विभिन्न जनपदों से गुजरते हुए बांदा स्थित कालिंजर किले तक पहुंचेगी। रास्ते में अलग-अलग जिलों से अन्य बाइकर्स भी इस अभियान से जुड़ेंगे। अधिकारियों के अनुसार यात्रा में आगे चलकर करीब 165 राइडर्स शामिल होंगे।
पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने बताया कि पूरी यात्रा के दौरान बाइकर्स की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सभी संबंधित जिलाधिकारियों को पहले से सूचना दी गई है। प्रत्येक जिले में आवश्यक चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस और प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध रहेगा, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कई ऐसे ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थल हैं, जिनकी जानकारी अभी भी बड़ी संख्या में लोगों तक नहीं पहुंच पाई है। इस अभियान का उद्देश्य ऐसे स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना तथा एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान बाइकर्स ने पर्यटन मंत्री का पौधा भेंट कर स्वागत किया। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म को नई गति मिलेगी और देश-विदेश के पर्यटकों को उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

