लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि महिला अपने मामा द्वारा लगातार फोन पर की जा रही गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना से परेशान थी। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के कलवारी क्षेत्र की रहने वाली कविता (30) की शादी 8 जून 2022 को सचिन यादव से हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ चिनहट के मटियारी इलाके में रहती थी। परिवार में उसके पति, मां, भाई और तीन वर्षीय बेटा भी हैं। पति सचिन एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि कविता जीएनएम का कोर्स कर रही थीं।

परिजनों के मुताबिक, परिवार का बस्ती में स्थित जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर कविता के मामा अक्सर परिवार के सदस्यों के साथ फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते थे। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हुआ था और भविष्य में विवाद न करने की लिखित सहमति भी बनी थी, लेकिन इसके बावजूद कथित तौर पर मामा ने परिवार के अन्य सदस्यों को फोन कर उनके बारे में आपत्तिजनक बातें करना जारी रखा।
परिवार का आरोप है कि मामा की बातों पर विश्वास कर मौसी ने भी कविता को फोन कर उल्टा-सीधा कहना शुरू कर दिया। इससे परेशान होकर कविता ने अपने मामा से बात करने के लिए फोन किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने फोन पर गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान कविता की मां ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया।
परिजनों के अनुसार, इस घटना के बाद कविता मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गईं और अपने कमरे में चली गईं। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिवार ने आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा खोलकर देखा गया तो कविता दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई थीं।
परिजन तत्काल उन्हें नीचे उतारकर राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर चिनहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

