रायबरेली दिशा बैठक से पहले सपा विधायकों का प्रदर्शन! पुलिस ने छीनी तख्तियां, फिर बैठक में हुए शामिल

रायबरेली दिशा बैठक से पहले सपा विधायकों का प्रदर्शन! पुलिस ने छीनी तख्तियां, फिर बैठक में हुए शामिल

रायबरेली। रायबरेली सांसद राहुल गांधी की अध्यक्षता में बुधवार काे रायबरेली में जिला निगरानी एवं अनुश्रवण समिति(दिशा) की बैठक शुरू हुई। हालांकि बैठक में शामिल हाेने के लिए पहुंचे सपा विधायकों ने भाजपा सरकार की नीतियाें का विरोध प्रदर्शन करते हुए तख्तियां लहराईं। बाद में बैठक में शामिल हुए। पुलिस ने विधायकों के हाथ से तख्तियां छीन ली व उन्हें अंदर जाने दिया।

बुधवार को दोपहर कलेक्ट्रेट के बचत भवन में जिला निगरानी एवं अनुश्रवण समिति(दिशा) की बैठक राहुल गांधी की अध्यक्षता में शुरू हुई। इसके पहले ही बैठक स्थल के बाहर सपा विधायक राहुल लोधी और श्याम सुंदर भारती ने तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। सपा विधायकों ने बैठक की आवश्यकता को लेकर सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए।

सपा विधायकों का आरोप है कि प्रदेश में स्कूल बंद हैं और फर्जी मुकदमे लिखे जा रहे हैं। इतना ही नहीं जमीनों पर कब्जे हो रहे हैं। विधायकों ने सवाल उठाया कि जब जिले में आम लोगों की समस्याएं जस की तस हैं, तो ऐसे में दिशा की बैठक का क्या औचित्य है। दोनों सपा विधायक बैठक स्थल के बाहर विरोध जताते नजर आए।

दिशा बैठक में राहुल गांधी के साथ अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा, कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय, राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, हरचंदपुर विधायक राहुल लोधी, सलोन विधायक अशोक कुमार, बछरावां विधायक श्याम सुंदर भारती व सरेनी के विधायक देवेंद्र सिंह मौजूद रहे जबकि रायबरेली की विधायक अदिति सिंह की बैठक में गैर मौजूदगी चर्चा में रही। इस अवसर पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय, परियोजना निदेशक मुनीश चंद्र सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *