लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक हजार 375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किया। मुख्यमंत्री ने मंच से 11 अभ्यर्थियों को अपने हाथों नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने चयनित अभ्यर्थियों और समय पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के लिए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज हमारी सरकार में बिना भेदभाव के लिए युवाओं को नौकरी दी जा रही है। योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि 10 साल पहले जिस उप्र की पहचान एक बीमारू राज्य की थी, आज वह उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में गिनती हो रही है। बिना लेन-देने के साढ़े नौ लाख युवाओं ने सरकारी नौकरी प्राप्त किए हैं। उन्हीं युवाओं की प्रतिभा के कारण आज प्रदेश तरक्की कर रहा है। पहले की सरकारों में योग्यता होने के बावजूद गरीब परिवारों के बच्चों नौकरी मिल ही नहीं सकती थी। माफिया राज में जकड़ा हुआ था। हमने तय किया माफियाराज खत्म करना है। आज माफिया सिर नहीं उठा सकता। आज यूपी के लोगों के सामने पहचान का संकट नहीं है। जिन लोगों ने पहचान का संकट किया था, जिन लोगों ने दलितों, पिछड़ों के हक पर डकैती डालने का काम किया था, आज वे नए रूप, स्लोगन के साथ गिरगिट की तरह रंग बदलते नजर आ रहे हैं।

योगी ने कहा कि 10 साल पहले उप्र की देश के सबसे पिछड़े पांच राज्यों में गिनती होती थी, आज हमारी शीर्ष पांच राज्यों में गिनती हो रही है। हमारी अर्थव्यवस्था बड़ी हुई है। यह बदलाव जो आया है, वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हुआ है। आज के दिन को नियुक्ति पत्र वितरित करने के लिए चयन करने के लिए पंचायती राज विभाग को धन्यवाद देता हूं। आज महान क्रांतिकारी सरदार भगत सिंह की जयंती का अवसर है। हमें उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है। मुख्यमंत्री योगी ने स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा व्यस्था, नौकरी में भ्रष्टाचार, चरमराई कानून व्यवस्था, खराब सड़कें और ध्वस्त बिजली व्यवस्था को लेकर 2017 से पहले की सरकारों को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि आज उप्र दंगा, कर्फ्यू मुक्त है। 20 सितंबर से लेकर अब तक यह चौथा नियुक्ति वितरण कार्यक्रम है। मै सपा और कांग्रेस के नेताओं से कहना चाहूंगा कि वे गिनते रहें, हम नियुक्ति पत्र वितरित करते रहेंगे। अगले छह माह में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी।ग्राम सचिवालय बनाकर भाजपा की एनडीए सरकार ने गांधी के ग्राम स्वराज्य की कल्पना का साकार करने का कार्य किया है।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि आज उप्र में समाज वादी पार्टी की सरकार नहीं है। अब उप्र में भाजपा की योगी आदित्यनाथ सरकार है। आज किसी की हिम्मत नहीं कि वे सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार कर सकें। युवाओं का भविष्य खराब करने का किसी को अधिकार नहीं है।
उप्र से 2027 के विस चुनाव में सपा को साफ कर देना है : ओम प्रकाश राजभर
पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभार ने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि वे लोग हाथ उठाएं जिन्होंने बिना घूस दिए नौकरी पाए हैं। इस पर सभागार में बैठे सभी युवाओं ने हाथ उठाया। इस पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में भर्ती निकलते ही सपा के लोग बिना पैसे लिए नौकरी नहीं देते थे। यह बदलाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है। इसलिए यहां से जाने के बाद अपने माता पिता को प्रमाण कीजिए, उनका आशीर्वाद लीजिए। उन्होंने आपको इस लायक बनाया कि नौकरी पा सको। प्रचार कीजिएगा कि बिना घूस दिए आपको नौकरी मिली है। हनुमान जी ने अकेले रावण की लंका जलाई थी। आप सब मिलकर समाजवादी पार्टी की लंका जलाएंगे। 2027 के चुनाव में सपा को साफ कर देना है और कांग्रेस को आफ करना है।
चयनित अभ्यर्थियों ने सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। लखनऊ की श्रुति श्रीवास्तव ने कहा कि मै उत्तर प्रदेश की बेटी हूं। उप्र की सेवा करने का अवसर मिला है। मै गर्भ से हूं। पेट में पल रहे बच्चे के भविष्य को लेकर चिंतित थी। नौकरी मिलने के बाद मेरी चिंता खत्म हुई। मुख्यमंत्री योगी को इसके लिए धन्यवाद ज्ञापित करती हूं। इस माैके पर सूर्य प्रताप शाही, सुषमा खर्कवाल, डॉ. महेन्द्र सिंह, डॉ. नीरज बोरा समेत अन्य लाेग माैजूद रहे।

