नोएडा। उत्तर प्रदेश जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा में विभिन्न जगहों पर रहने वाले पांच लोगों को साइबर अपराधियों ने अपना शिकार बना या है। पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बताया कि बीती रात सुदेश चंद्र सिंह ने थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसाया तथा धोखाधड़ी करके उनसे आठ लाख रुपये की ठगी कर ली। उनके अनुसार पीड़ित दादरी के तुलसी विहार कॉलोनी का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में प्रमोद कुमार मिश्रा ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उन्हें अपने जाल में फंसाकर उनके खाते से सात लाख 22 हजार 246 रूपये की ठगी कर ली है। उन्होंने बताया कि आरोपितों ने नकली दस्तावेज का प्रयोग करके खुद को उनका परिचित बताया तथा उनसे सहायता के नाम पर रकम मांग ली। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

डीसीपी ने बताया कि एक अन्य मामले में बीती रात को श्रीमती संतोष ठाकुर ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि एक साइबर अपराधी में खुद को बैंक का कर्मचारी बताकर उनको फोन किया। उसने कहा कि वह वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनाता है। उसने अपना आई कार्ड, फोटो आदि उन्हें भेजा। महिला को विश्वास हो गया कि यह बैंक का कर्मचारी है। उसने कहा कि आपको रेल, बस आदि में 50 फ़ीसदी छूट की सुविधा मिलेगी। अस्पताल में 25 फ़ीसदी तथा दवाइयां में 30 फ़ीसदी की रियायत मिलेगी। महिला उनकी बातों में आ गई तथा उन्होंने उसे वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनाने के लिए कहा। उसने कई बार ओटीपी भेज कर उनसे कहा कि आप ओटीपी नंबर बता दो। महिला के अनुसार आरोपित ने अपने जाल में फंसा कर उनके ओटीपी का दुरुपयोग करके उनके खाते से पांच लाख 21 हजार रुपये धोखाधड़ी करके खाते से निकाल लिया। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि राजीव कुमार बंसल ने बीती रात को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि शेयर मार्केट में निवेश करने का झांसा देकर अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनसे 23 लाख 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीसीपी ने बताया कि एक अन्य मामले में समीर कुमार कश्यप ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनका डेबिट कार्ड निर्गत करवा कर उनसे कुछ जानकारी हासिल करके धोखाधड़ी करके उनकी बैंक में जमा 13 लाख 14 हजार 964 रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट को तोड़कर अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

