मोरना (मुजफ्फरनगर)। बेलड़ा मेले में हुए विवाद के दौरान दबंगों से जान बचाने के लिए गंगनहर में छलांग लगाने वाले 20 वर्षीय वंश कश्यप का शव दो दिन बाद बुधवार शाम भोपा के पास नहर से बरामद हो गया। शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों को मिली, पूरे गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर जाम लगा दिया।

उधर, मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक बाल अपचारी समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी रिजवान के अलावा अफजाल, साहिल उर्फ भोलू, सुहैल उर्फ अजूबा और अल्बख्श उर्फ बख्शी शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।

फोन कॉल पर दोस्तों के साथ बेलड़ा पहुंचा था वंश
जानकारी के अनुसार थाना और गांव भोपा निवासी 20 वर्षीय वंश पुत्र स्वर्गीय नीटू कश्यप सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे अपने गांव के साथी अर्जुन पुत्र ओमबीर प्रजापति के फोन करने पर घर से निकला था। वंश के साथ उसके दोस्त विपुल पुत्र प्रेम प्रजापति और शेखर पुत्र कर्मवीर भी थे।
चारों युवक निकटवर्ती गांव बेलड़ा पहुंचे थे। वहां गांव स्थित तौल कांटे के पास अर्जुन का स्थानीय युवक रिजवान के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और आरोप है कि दूसरे पक्ष के कई लोग लाठी-डंडे लेकर चारों युवकों के पीछे दौड़ पड़े।
जान बचाने के लिए तीन युवकों ने नहर में लगाई छलांग
हमलावरों को अपनी ओर आता देख चारों युवक घबरा गए। रात का अंधेरा और सामने से दौड़ते लोगों के बीच अपनी जान बचाने के लिए वंश, अर्जुन और शेखर ने पास से गुजर रही गंगनहर में छलांग लगा दी। वहीं विपुल ने झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाई।
बताया गया कि अर्जुन, शेखर और विपुल किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन वंश गहरे पानी में बह गया और उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद परिवार में बेचैनी फैल गई और पुलिस को सूचना दी गई।
दो दिन तक नहर में चलता रहा सर्च ऑपरेशन
वंश के नहर में लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से कई स्थानों पर युवक की तलाश की गई, लेकिन मंगलवार तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
बुधवार शाम आखिरकार भोपा के पास गंगनहर में वंश का शव बहता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और परिजनों से शिनाख्त कराई। शिनाख्त होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ था मुकदमा
मृतक वंश के जीजा जॉनी, निवासी महमूदपुर माजरा, की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने घटना के बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी के साथ मुख्य आरोपी रिजवान को गिरफ्तार किया। इसके अलावा अफजाल, साहिल उर्फ भोलू, सुहैल उर्फ अजूबा और अल्बख्श उर्फ बख्शी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। प्रकरण की विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
वंश का शव मिलने की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां मौसम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन कोमल, प्रीति और अविवाहित बहन वंशिका भी भाई की मौत से गहरे सदमे में हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि वंश की मौत ने उनके सामने जिंदगी का बड़ा संकट खड़ा कर दिया है।
वंश अपने परिवार का सहारा था और भोपा स्थित एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था। नौकरी से मिलने वाली आय से वह परिवार के पालन-पोषण में सहयोग करता था। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
गांव में मातम के साथ तनाव का माहौल
वंश की मौत के बाद भोपा क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे। ग्रामीणों में घटना को लेकर आक्रोश भी है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के बाद देर शाम परिजनों और ग्रामीणों ने जाम लगाकर अपना विरोध जताया। ग्रामीण मामले में कड़ी कार्रवाई और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई जारी है।

